भोपाल । राजधानी के सहारा इंडिया कंपनी के जोनल अधिकारी श्यामलापल्ली अवधपुरी निवासी शिवाजी सिंह (50) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जोनल अधिकारी पर 97 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। इस मामले में वह पिछले तीन महीने से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ जनवरी महीने में 55 लोगों ने शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने जोनल अधिकारी समेत आठ अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था।  केस दर्ज होने के बाद सभी आरोपित फरार चल रहे थे।जोनल अधिकारी की गिरफ्तार के बाद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया के मुताबिक फरियादी जगदीश मूलचंदानी (51) निवासी ए-सेक्टर पिपलानी समेत करीब 55 लोगों ने शिकायत की थी। फरियादी ने पुलिस को बताया कि सहारा इंडिया कंपनी की विभिन्न पॉलिसियों और एफडी में पैसा निवेश किया था। सभी आवेदकगणों का लगभग 97 करोड़ रुपए कंपनी द्वारा मैच्योरिटी पूर्ण होने के बाद भी नहीं लौटाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गत 30 जनवरी 2023 को आरोपित शिवाजी सिंह जोनल अधिकारी और सत्यप्रकाश श्रीवास्तव डिवीजन अधिकारी के साथ ही बीके श्रीवास्तव, अलख सिंह, करुणेश अवस्थी, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, ओमप्रकाश श्रीवास्तव और सुब्रत राय (सभी डायरेक्टर) सहारा इंडिया कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया था।