राजस्थान के झालावाड़ जिले में दो शव मिलने से हड़कंप मच गया है। यहां एक जंगल में महिला और पुरुष के शव पेड़ से लटके मिले। दोनों के शव झालावाड़ के गरदा इलाके में स्थित जंगल में मिले हैं। मृतकों की पहचान खारड़िया गांव निवासी सुशील मीना (22) और दुर्जनपुर गांव निवासी योगिता मीना (20) के रूप में हुई है।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था वीडियो

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सुशील ने इंस्टाग्राम पर महिला के साथ एक वीडियो साझा किया था। मीडिया में सुशील ने कहा था कि "सारा जमाना जलेगा, जब मेरा प्यार मेरे साथ चलेगा।" दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। मगर महिला की शादी परिजनों ने उसकी मर्जी के खिलाफ कर दी थी।

दो साल से रिलेशनशिप में थे दोनों

पुलिस के मुताबिक दोनों करीब दो साल से रिलेशनशिप में थे। लड़की के परिजन इसके खिलाफ थे। यही वजह है कि मई में उसकी किसी अन्य व्यक्ति के साथ शादी कर दी। भालता थाने के एसएचओ किशोर शेखावत ने बताया कि 20 वर्षीय योगिता ने 8वीं कक्षा की पढ़ाई छोड़ दी थी। 22 वर्षीय सुशील ने सीनियर सेकेंडरी तक की पढ़ाई की थी। एसएचओ शेखावत के मुताबिक योगिता के माता-पिता उनके रिश्ते के खिलाफ थे।

योगिता को लेने जब ससुर उसके मायके पहुंचे तो वह वहां नहीं मिली। उधर, बाइक से सुशील भी गायब हो गया। हालांकि परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत नहीं दर्ज कराई थी।

राहगीर ने पुलिस को दी सूचना

पेड़ से शव लटकते देख एक राहगीर ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। एसएचओ के अनुसार दोनों ने अपनी बाइक जंगल में लगभग 1.3 किलोमीटर दूर छोड़ दी थी। इसके बाद कथित तौर पर पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। दोनों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामला दर्ज कर लिया गया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया है।