जयपुर । विधानसभा चुनाव को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बांसवाड़ा विधानसभा में एक जनसभा को संबोधित किया था। वसुंधरा राजे ने बांसवाड़ा स्थिति त्रिपुरा सुंदरी मंदिर पहुंच कर दर्शन के बाद गर्भगृह में पूजा-अर्चना की। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे जब भी बांसवाड़ा आती हैं तो त्रिपुरा सुंदरी मंदिर के दर्शन करती हैं। लेकिन इस बार चुनाव को देखते हुए यह यात्रा और खास हो गई है। आपको बता दें कि वसुंधरा राजे को त्रिपुरा सुंदरी मंदिर से खास लगाव है। वह हर चुनाव के दौरान यहां जाती हैं और देवी मां की पूजा-अर्चना करती हैं। इस वर्ष मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया और राज्य के कई मंत्री भी बांसवाड़ा स्थिति त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा अर्चना कर चुके हैं। कहा जाता है कि पहले मंदिर के चारों ओर शक्तिपुरी, शिवपुरी और विष्णुपुरी नामक तीन किले हुआ करते थे और किलों के मध्य में स्थित होने के कारण देवी भगवती का नाम त्रिपुर सुंदरी पड़ा।