भोपाल। हमेश मिशन मोड में रहने वाली भाजपा एक बार फिर बड़े अभियान में जुटने जा रही है। यह अभियान है सदस्यता का। इसे भाजपाईयों ने ‘मिशन मेंबरशिप’ नाम दिया है। मप्र में भाजपा संगठन ने 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में प्रदेश भाजपा 31 अगस्त को प्रत्येक बूथ पर संगठन पर्व कार्यशाला आयोजित करेगी। इससे पहले मंडल स्तर फिर शक्ति केंद्र स्तर की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 31 अगस्त को प्रदेशर के सभी 64,523 बूथों पर ऐसी ही कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से पार्टी का सदस्यता अभियान में एक नया रिकॉर्ड बनाने पर फोकस है। इसके लिए जिलेवार प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।इस बार सदस्यता अभियान में पार्टी का केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों पर खास फोकस है। इसके अलावा महिलाओं को सदस्य बनाने पर भी पार्टी का जोर रहेगा। पार्टी का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को लेकर जो अभियान चलाया जा रहा है। उसका महिलाओं के बीच काफी सकारात्मक प्रभाव है। प्रदेश सरकार की योजनाओं से भी महिलाएं खुश हैं। इसके साथ ही प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जो मत पार्टी को प्राप्त हुए है, उसमें पार्टी ऐसे मतदाताओं को अपने साथ जोड़ेगी, जिनका पार्टी पर विश्वास है। इनमें डॉक्टर, इंजीनियर, उद्योगपति से लेकर समाज के विभिन्न लोग शामिल रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का कहना है कि हम सबके लिए गर्व कि बात है कि हमारे आदर्श नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार बनी है। लोकसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय बूथ-बूथ पर हमारे कार्यकर्ताओं के समर्पणभाव का परिणाम है। मुझे अपने कार्यकर्ताओं पर गर्व है कि संगठन के प्रति उनके परिश्रम के चलते मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय एवं लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीट पर अभूतपूर्व विजय हासिल हुई है। जन-जन के मन में भाजपा संगठन की लोकप्रियता के पीछे हमारे कार्यकर्ताओं की शक्ति है।आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान चलाएगी। इसके लिए नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है और इसे देशभर में अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी एक सितंबर से देश भर में सदस्यता अभियान चलाने जा रही है। इसी दिशा में संगठन पर्व कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। सदस्यता अभियान चार चरणों में चलाया जाएगा। पार्टी की योजना है कि अभियान का पहला चरण एक सितंबर से 25 सितंबर चलाया जाए। वहीं, दूसरा चरण एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक, तीसरा चरण के लिए 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसमें कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी से जोडऩे का काम करेंगे। इसी तरह एक नवंबर से 10 नवंबर तक अभियान का चौथा चरण चलाया जाएगा।
भाजपा ने इस बार मप्र में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। यानि पिछले बार से 55 लाख ज्यादा। इसके लिए भाजपा संगठन ने मेगा प्लान तैयार किया है। सांसद, विधायक, महापौर, अन्य जनप्रतिनिधियों समेत पार्टी पदाधिकारियों को टारगेट दे दिए गए हैं। वहीं पार्टी अब प्रदेश के 64 हजार से अधिक बूथों पर संगठन पर्व मनाने जा रही है। इसके लिए हर बूच पर तीन से चार लोगों की टोली गठित की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान 1 सितंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। इसको लेकर पार्टी ने 22 अगस्त से प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण कार्यशालाएं भी शुरू कर दी हैं। इन कार्यशालाओं में पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस प्रशिक्षण में उन्हें सदस्य बनाने के तरीकों के साथ केंद्रीय संगठन द्वारा तैयार की गई गाइड लाइन से भी अवगत कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पार्टी कैसे काम कर करेगी, यह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं को बताया जा रहा है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए जमीनी कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री तक मैदान में उतरेंगे। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश सरकार के मंत्री और प्रदेश से जुड़े केंद्रीय मंत्री तक शहरों, कस्बों में जाकर सदस्य बनांएगे। सदस्यता अभियान में भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं से साफ कहा है कि सदस्य बनाते समय व्यक्ति की पृष्ठभूमि के बारे में अवश्य जानकारी जुटा लें। आपराधिक छवि के व्यक्ति को सदस्य न बनाएं।
सदस्य जोडऩे का लक्ष्य
सदस्यता अभियान के लिए भाजपा ने नेताओं के लिए टारगेट भी तय किया है। 1 सितंबर से भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है जिसमें सांसद को 25 हजार, विधायक को 15 हजार, महापौर को 10 हजार, जिलाध्यक्ष, मंडलाध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष को 5-5 हजार सदस्य जोडऩे का टारगेट दिया है। भाजपा अपनी जनहितैषी नीतियों से पहले मतदाताओं को जोड़ती है फिर वह भाजपा का सदस्यता बनता है। सदस्यता से वह सक्रिय कार्यकर्ता, पदाधिकारी और फिर नेता बनता है। ऐसे भाजपा खड़ी होती है। भाजपा सदस्यता अभियान में चार तरीके अपनाएंगी। पार्टी ने एक मिस्ड कॉल नंबर 8800002024 जारी किया है, जिस पर कॉल करके लोग सदस्य बन सकते हैं। इस प्रक्रिया के तहत हर मिस्ड कॉल को फिजिकली वेरीफाई किया जाएगा। इसके साथ ही, क्यूआर कोड और नमो एप के जरिए भी सदस्यता अभियान को बढ़ावा दिया जाएगा। मैनुअली फॉर्म भरकर भी भाजपा की सदस्यता ली जा सकेगी। सदस्यता अभियान को मजबूत करने के लिए जिलेवार टीमें बनेंगी। जिला स्तर पर सदस्यता अभियान को बढ़ावा देने के लिए 1+3 टीमें बनाई जाएंगी। शक्ति केंद्रों के संयोजक सदस्यता अभियान का नेतृत्व करेंगे। जिलेवार सदस्यता अभियान को मजबूत करने के लिए टीमें गठित की जाएंगी। सदस्यता अभियान में नए सदस्यों को जोडऩे के लिए जिला स्तर पर टीमें बनेंगी। इस दौरान निष्क्रिय नेताओं की सूची तैयार होगी। साथ ही सक्रियता पर कार्यकर्ता और नेताओं का बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।  मप्र में भाजपा  इस बार केवल मिस्ड कॉल से नहीं बल्कि क्यू आर कोड और नमो एप के जरिए पार्टी की सदस्यता बढ़ाएगी। भाजपा  के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि इस सदस्यता अभियान में इस बार डॉक्टर्स, आर्टिस्ट और समाजसेवियों की तरफ भी पार्टी का रुझान होगा।