जोधपुर । चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में रेगिस्तान का बुरा हाल है। राजस्थान में गर्मी का सितम जानलेवा साबित होने लगा है। यहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार है। वहीं हीटवेव से भी अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं 24 घंटे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग का मानना है कि आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और उच्चतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। जोधपुर में गुरुवार को गर्मी में ऐसे हालात रहे जैसे आग बरस रही हो। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जोधपुर में भी तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। गुरुवार को यहां 47.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जैसलमेर और फलोदी में 47.5 और बालोतरा में 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के बाड़मेर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस साल अब तक देश में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। वहीं जोधपुर में भी करीब 48 डिग्री और झुंझुनूं जिले के पिलानी में 47 डिग्री पारा दर्ज किया गया। हालात ये हैं कि राजस्थान में गर्मी का सितम जानलेवा साबित होने लगा है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में गर्मी से 5 लोगों की मौत हो चुकी है।