जयपुर । राजस्थान में बवाली बाबा के नाम से मशहूर और हमेशा सुर्खियों में रहने वाले जयपुर के हवामहल से भाजपा के विधायक बालमुकुंद आचार्य ने जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये कानून होना चाहिए कि 4 बेगम और 36 बच्चे अब नहीं चलेंगे। 
उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा में भी कई लोग ऐसे हैं जिनकी कई पत्नियां व कई बच्चे हैं। अब ऐसा नहीं चलेगा। पिछले कई सालों से वे खुद निरंतर मांग कर रहे हैं कि एक देश एक कानून हो। पहले कश्मीर में जाते थे तो कहा जाता था कि क्या आप भारत से आए हो तब हमें पीड़ा होती थी। मगर आज धारा 370 हटने के बाद पूरे देश में जो कानून है वही कश्मीर में भी है। भाजपा विधायक ने कहा कि ये एक बड़ी समस्या है कि जनसंख्या में वृद्धि हो रही है और अनुपात भी बिगड़ रहा है। एक समाज विशेष है जो 4 बेगम और 36 बच्चे रखते हैं। जहां एक वर्ग एक पत्नी और ज्यादा से ज्यादा 2 बच्चे रखते हैं। वहीं दूसरा वर्ग अभी भी इसी काम में लगा है कि 4 बेगम और 36 बच्चे हों जो गलत है। इसके लिए समान कानून होना चाहिए। बालमुकुंद ने कहा कि देश की समृद्धि और विकास में सबका अधिकार है इसलिए देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून आना चाहिए।