कौशल प्रदर्शन की विश्वस्तरीय प्रतियोगिता 'व‌र्ल्ड स्किल्स' का प्रतिभागी तो भारत पहले से है, लेकिन अब मंच बड़ा हो रहा है और भारत का दबदबा भी बढ़ता जा रहा है। जिलों और कस्बों के स्तर से कुल ढाई लाख पंजीयन से इस बार शुरू हुई प्रक्रिया में जिला और प्रदेश स्तर के चरणों को पार करते हुए 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 900 युवा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं।यह युवा कौशल विकास एवं उद्यमीशलता मंत्रालय द्वारा 15 से 19 मई तक नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में आयोजित 'इंडिया स्किल्स' प्रतियोगिता में अपना कौशल दिखाएंगे और चयनित 58 विजेता सितंबर में फ्रांस के ल्योन में आयोजित 'व‌र्ल्ड स्किल्स' में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कौशल विकास को प्राथमिकता में लेकर चल रही मोदी सरकार ने कौशल विकास के लिए अलग से मंत्रालय बनाने के साथ ही इसे पाठ्यक्रम में भी शामिल कराया। इसके साथ ही विश्व स्तर पर भारतीय युवाओं के कौशल प्रदर्शन के आयोजन का भी दायरा लगातार बढ़ाया है।मंत्रालय के सचिव अतुल तिवारी ने बताया कि दो वर्ष के अंतराल पर होने वाली व‌र्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में 60 कौशल (स्किल्स) सूचीबद्ध हैं। इनमें से इस बार 53 स्किल में भारतीय युवा प्रतिभाग करने जा रहे हैं, जबकि 2022 में 50 स्किल्स में भाग लिया था। उन्होंने बताया कि पिछली बार 26 राज्यों से कुल लगभग एक लाख ही पंजीयन हुए थे, जिसमें से 54 प्रतिभागी विश्वस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए थे।