डोटासरा का भजनलाल सरकार पर तंज......इनसे एक किरोड़ीलाल नहीं संभल रहा

जयपुर। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भजनलाल सरकार पर किरोड़ीलाल के मुद्दे पर हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि भाजपा से एक किरोड़ी नहीं संभल रहा है।
कांग्रेस नेता डोटासरा ने कहा कि कल से मैं और किरोड़ी साढू बन गए हैं। गोलमा देवी (किरोड़ीलाल मीणा की पत्नी) और मेरी पत्नी सुनीता डोटासरा को आपस में बहन बना दिया है। मैंने कहा कि बहनें बन जाइए। साढू इसलिए बना हूं, क्योंकि किरोड़ीलाल की भी यहीं इच्छा हैं कि दिल्ली से आई पर्ची की सरकार है, इसकी पर्ची पलटनी चाहिए और डोटासरा भी यहीं चाहता है। बीकानेर के डूंगरगढ़ में हुई किसान सभा में डोटासरा ने कहा कि किरोड़ी रोज अपनी सरकार का तख्ता पलटने के लिए पुंपाड़ी-बांसुरी बजा रहे हैं। डोटासरा ने भजनलाल सरकार पर निशाना साधकर कहा कि किसान का काम नहीं हो रहा है। जो दलित पिछड़ों के साथ अपराध नहीं रोक पा रहा है, नौजवानों को रोजगार-नौकरी नहीं दे पा रहा है, वहां दिल्ली से आई पर्ची राजस्थान में बदलनी चाहिए। हम दोनों के समान उद्देश्य हैं। एक ही काम करते हैं, तब साढू होते हैं। आज एक कैबिनेट का मंत्री रोजाना चिट्ठियां लिख रहा है। राज्य मंत्री जवाहर बेढम से मिलने के लिए किरोड़ी गए। वे कह रहे हैं यह मुकदमे दर्ज करो। आप मंत्री हो, आपने जब मंत्री पद की शपथ ली थी, तब आपने श्रद्धापूर्वक निष्ठा के साथ काम करने की शपथ ली थी। संविधान की शपथ लेकर कहा था कि मैं काम करूंगा। आज वे लोगों के लिए काम नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि किसानों की फसल खराब हो रही है। सरकार में किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। खराब फसलों की गिरदावरी (सर्वे) करने वाला नहीं है। डूब कर किसी के बेटा-बेटी मर रहे हैं, कोई बुजुर्ग पानी में बह रहा है, किसी का घर ढह रहा है लेकिन आपदा राहत मंत्री मेलों में जा-जाकर बांसुरी बजा रहे हैं। क्या बांसुरी बजाने के लिए राज दिया था? डोटासरा ने कहा कि इन्हें जापान और कोरिया भेजने के लिए राज दिया था क्या? महंगे सूटबूट मंगाकर कोरिया-जापान घूम रहे हैं। किसान की कोई सुध लेने वाला नहीं है। गरीब की कोई सुनने वाला नहीं है। आज पूरे प्रदेश में भू माफिया, खनन माफिया, बजरी माफिया, अपराधी हावी हैं। कोई कानून व्यवस्था संभालने वाला नहीं है।